नारायणपुर में एनएसएस स्थापना दिवस पर युवाओं को मिला सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
लिंगो मुदीयाल कृषि महाविद्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस, विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों और ग्रामीण विकास में योगदान देने का लिया संकल्प
नारायणपुर, 24 सितंबर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर लिंगो मुदीयाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, नारायणपुर में सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश गूंजा। महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने युवाओं को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
सेवा को जीवन का संस्कार बनाएं, तभी सार्थक होगा एनएसएस का उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि युवाओं को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराने और उनमें मानवीय संवेदनाएं विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। युवाओं को अपनी ऊर्जा, ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग ग्रामीण समुदायों के उत्थान तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए करना चाहिए।







