“नारायणपुर में बिजली विभाग का ‘कंट्रोल रूम’ है या सिर्फ कागजी झुनझुना? हजारों उपभोक्ताओं की किस्मत आज एक अदद कीपैड मोबाइल की बैट्री और नेटवर्क के भरोसे दांव पर है!”

SHARE:

“नारायणपुर में बिजली विभाग का ‘कंट्रोल रूम‘ है या सिर्फ कागजी झुनझुना? हजारों उपभोक्ताओं की किस्मत आज एक अदद कीपैड मोबाइल की बैट्री और नेटवर्क के भरोसे दांव पर है!”

 

बजट का अभाव बताकर 07781-252240 नंबर बंद, दूसरा मोबाइल भी बंद रहने का आरोप; व्हाट्सऐप ग्रुप बना, लेकिन जानकारी देने वाला कोई नहीं

नारायणपुर | विशेष संवाददाता

नारायणपुर जिले में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। विभाग द्वारा शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी किए गए नंबरों में से 07781-252240 को बजट के अभाव का हवाला देते हुए बंद करवा दिया गया है, जबकि वर्तमान में शिकायतों के लिए उपलब्ध बताए जा रहे +91 93436 67499 नंबर पर एक साधारण कीपैड मोबाइल फोन लगा हुआ है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि यह मोबाइल फोन भी कई बार बंद स्थिति में रहता है और चार्जिंग पर लगा दिखाई देता है, जिसके चलते बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए फोन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

एक नंबर के भरोसे हजारों उपभोक्ता

बिजली विभाग के कंट्रोल रूम से जिले के हजारों उपभोक्ताओं की शिकायतों को संभालने की व्यवस्था होने के बावजूद यदि शिकायत के लिए सिर्फ एक मोबाइल नंबर उपलब्ध है, तो आपात स्थिति में व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

बिजली गुल होने, लो-वोल्टेज, तार टूटने, ट्रांसफार्मर संबंधी समस्या या अन्य तकनीकी खराबी की स्थिति में एक साथ बड़ी संख्या में उपभोक्ता शिकायत करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में एक ही मोबाइल नंबर पर निर्भर व्यवस्था कितनी प्रभावी तरीके से शिकायतें दर्ज कर पाएगी, यह बड़ा सवाल है।

बंद नंबर ने बढ़ाई परेशानी

उपभोक्ताओं के अनुसार पहले 07781-252240 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा थी, लेकिन अब यह नंबर बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से इसके पीछे बजट का अभाव कारण बताया गया है।

ऐसे में दूसरा नंबर ही उपभोक्ताओं के लिए प्रमुख माध्यम बचता है। लेकिन यदि वही मोबाइल बंद मिले या कॉल रिसीव न हो, तो शिकायत दर्ज कराने की पूरी व्यवस्था प्रभावित हो जाती है।

व्हाट्सऐप ग्रुप भी बना, लेकिन जानकारी देने वाला कोई नहीं!

शिकायतों और बिजली व्यवस्था से जुड़ी जानकारी के आदान-प्रदान के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें CSEB के अधिकारी एवं कर्मचारी जुड़े हुए हैं। लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस ग्रुप में भी बिजली संबंधी समस्या, फॉल्ट, शटडाउन या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी को लेकर अधिकारी-कर्मचारियों की ओर से कोई नियमित जानकारी साझा नहीं की जाती।

ऐसे में सवाल उठता है कि जब कंट्रोल रूम का फोन उपलब्ध नहीं है या फोन रिसीव नहीं होता और दूसरी ओर व्हाट्सऐप ग्रुप भी प्रभावी सूचना माध्यम के रूप में काम नहीं कर रहा, तो उपभोक्ता अपनी समस्या की जानकारी विभाग तक कैसे पहुंचाएं और बिजली से संबंधित जरूरी सूचना कहां से प्राप्त करें?

एक नंबर बंद, दूसरा कीपैड मोबाइल बंद रहने के आरोप और व्हाट्सऐप ग्रुप में भी जानकारी का अभाव—ऐसे में शिकायत एवं सूचना व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।

24 घंटे की व्यवस्था, लेकिन शिकायत सुनने वाला कौन?

कंट्रोल रूम से जुड़े कर्मचारियों के अनुसार शिकायतों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने के लिए एक से अधिक फोन और पर्याप्त कर्मचारियों की आवश्यकता है। 24 घंटे शिकायत सेवा उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित हो, ताकि किसी भी समय आने वाली शिकायत को दर्ज कर संबंधित अमले तक पहुंचाया जा सके।

बताया जा रहा है कि यदि चार कर्मचारियों की व्यवस्था हो तो शिफ्ट के आधार पर 24 घंटे शिकायत सेवा को व्यवस्थित किया जा सकता है। लेकिन स्टाफ की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।

उपभोक्ताओं की जुबानी—’फोन नहीं उठता, ऑफिस जाना पड़ता है‘

उपभोक्ता रमेश नाग, उज्ज्वला नेताम, आशीष कोर्राम और प्रभात ठाकुर समेत अन्य लोगों का कहना है कि बिजली संबंधी समस्या आने पर कई बार फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने में परेशानी होती है। फोन रिसीव नहीं होने पर लोगों को मजबूरी में बिजली कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ती है।

उपभोक्ताओं का यह भी दावा है कि कई मामलों में शिकायत के निराकरण में 8 से 10 घंटे तक का समय लग जाता है।

उपभोक्ताओं का तंज—फोन नहीं है तो हम गिफ्ट कर देंगे!

व्यवस्था से नाराज उपभोक्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि यदि विभाग के पास शिकायत सुनने के लिए पर्याप्त फोन उपलब्ध नहीं हैं, तो उपभोक्ता मिलकर फोन देने को तैयार हैं, लेकिन कम से कम उनकी शिकायत तो सुनी जानी चाहिए।

जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब की उम्मीद

नारायणपुर में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के बीच शिकायत दर्ज करने और जानकारी प्राप्त करने की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। 07781-252240 नंबर बंद, दूसरे नंबर पर कीपैड मोबाइल की व्यवस्था, मोबाइल के बंद रहने के आरोप और व्हाट्सऐप ग्रुप में भी जानकारी साझा नहीं किए जाने की शिकायत ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सवाल यह है कि हजारों बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए विभाग के पास कितने सक्रिय हेल्पलाइन नंबर हैं? कंट्रोल रूम में कितने कर्मचारी तैनात हैं? 07781-252240 नंबर को बजट के अभाव में क्यों बंद किया गया? और व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए जाने के बावजूद उसमें नियमित जानकारी साझा क्यों नहीं की जाती?

इन सवालों पर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष सामने आना जरूरी है, ताकि उपभोक्ताओं को यह स्पष्ट हो सके कि शिकायत और सूचना व्यवस्था वास्तव में किस तरह संचालित हो रही है।

 

trfgcvkj.blkjhgfd
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

नारायणपुर में लाखों की लागत से बने जिम पार्क की गुणवत्ता पर सवाल, सप्ताहभर में ही उखड़ने लगे उपकरण और टूटने लगा सीमेंट स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल सिंगोड़ीतराई के सामने बने जिम पार्क में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में

नारायणपुर में वीआईपी इलाका भी सुरक्षित नहीं! कलेक्टर-एसपी और सीईओ जिला पंचायत के बंगले के सामने खड़े नीलगिरी के पेड़ बने खतरा दो दिन की बारिश में मुख्य मार्ग पर दो बार गिरे पेड़, बाल-बाल बचे राहगीर; लगातार बारिश हुई तो और पेड़ गिरने की आशंका

Horoscope

Weather

और पढ़ें

नारायणपुर में वीआईपी इलाका भी सुरक्षित नहीं! कलेक्टर-एसपी और सीईओ जिला पंचायत के बंगले के सामने खड़े नीलगिरी के पेड़ बने खतरा दो दिन की बारिश में मुख्य मार्ग पर दो बार गिरे पेड़, बाल-बाल बचे राहगीर; लगातार बारिश हुई तो और पेड़ गिरने की आशंका

राज्य

शहर चुनें