नारायणपुर, 14 जुलाई। जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील अबुझमाड़ क्षेत्र के बासिंग में बीएसएनएल (BSNL) कार्यालय नारायणपुर के कर्मचारियों द्वारा विशेष BSNL 4G सिम मेला आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों को बीएसएनएल के 4G सिम वितरित किए गए तथा उन्हें नए नेटवर्क की सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
सिम मेले में जवानों के लिए मौके पर ही नए सिम जारी करने, सिम एक्टिवेशन तथा आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की गई। बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और सुरक्षा बलों को निर्बाध संचार सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यह विशेष शिविर लगाया गया।
जवानों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब बीएसएनएल के 4G नेटवर्क से उन्हें परिवारजनों से संपर्क बनाए रखने, ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने तथा आवश्यक संचार कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी।
बीएसएनएल कार्यालय नारायणपुर द्वारा भविष्य में भी दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह के विशेष सिम वितरण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक 4G सेवाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही गई।


