नारायणपुर में यातायात पुलिस की रात्रिकालीन पहल, बुधवारी बाजार मार्ग से हटवाए अव्यवस्थित खड़े वाहन
जगदीश मंदिर से बुधवारी बाजार मार्ग पर कार्रवाई, रात में सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की दी समझाइश
नारायणपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के उद्देश्य से नारायणपुर यातायात पुलिस द्वारा रात्रिकालीन कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने जगदीश मंदिर से बुधवारी बाजार जाने वाले मार्ग पर घरों के सामने एवं सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए गए वाहनों को हटवाया।
रात्रि के समय सड़क पर अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े होने के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ऐसे वाहनों को हटवाया और वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों को रात्रि में बुधवारी बाजार मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश दी।
यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता
नारायणपुर यातायात पुलिस द्वारा जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की ओर से वाहन चालकों से सड़क पर निर्धारित नियमों का पालन करने, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले तरीके से वाहन पार्क नहीं करने और सुरक्षित आवागमन में सहयोग करने की अपील की जा रही है।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क पर आवागमन को व्यवस्थित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने भी रात्रि में सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ की गई इस पहल को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की दृष्टि से उपयोगी कदम बताया है।








